एकता विकास कमेटी की बैठक में उठा पुनर्विकास का मुद्दा
JP Infra के मालिक विजय जैन से सार्वजनिक बैठक कर हर सवाल का जवाब देने की मांग
मंदिर, मस्जिद, दुकानों और मकानों के पुनर्विकास की स्थिति स्पष्ट करने की उठी आवाज
मुंबई, मलाड पूर्व स्थित इंदिरा नगर कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी के SRA पुनर्विकास प्रोजेक्ट को लेकर स्थानीय रहिवासियों के बीच असंतोष और कई सवाल सामने आ रहे हैं। इस प्रोजेक्ट के मुख्य प्रवर्तक हुसैन करीम मोमिन हैं, जबकि बिल्डर JP Infra के मालिक विजय जैन बताए गए हैं। वहीं, इस परियोजना से जुड़ी जमीन FE Dinshaw Trust (एफ. ई. दिनशॉ ट्रस्ट) की है। बताया जाता है कि बिल्डर कुल 16 सोसाइटियों को मिलाकर पुनर्विकास का काम कर रहा है। इसी मुद्दे को लेकर 21 नवंबर 2026 की रात 10 बजे इंदिरा नगर एकता विकास कमेटी की ओर से हुसैन ताज और मौलाना जाबिर के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और प्रोजेक्ट की प्रक्रिया, प्रस्तावित इमारतों तथा रहवासियों के अधिकारों को लेकर चर्चा हुई।
बैठक में मौलाना जाबिर ने कहा कि प्रस्तावित 42-43 मंजिला टावरों को लेकर लोगों में बेचैनी है। उनका कहना था कि पिछले 12 से 15 वर्षों से पुनर्विकास की चर्चा चल रही है, लेकिन अब जब प्रोजेक्ट आगे बढ़ा और नारियल पूजन हुआ, तो लोगों को इसकी पूरी जानकारी नहीं होने और LOI आने की खबर से अपने घर टूटने की चिंता सताने लगी है। उन्होंने मांग की कि बिल्डर पहले सभी रहवासियों के लिए एक सार्वजनिक बैठक आयोजित करे और किराया, नई इमारतों की व्यवस्था, दुकानों तथा मकानों सहित पुनर्विकास की सभी शर्तों की विस्तार से जानकारी दे, ताकि लोगों की शंकाएं दूर हो सकें। वहीं, हुसैन ताज ने मुख्य प्रवर्तक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कुल 476 रहिवासियों में से केवल 300 लोगों का ग्रुप बनाया गया, जबकि 176 रहिवासियों को इससे बाहर रखा गया।
उनका दावा है कि प्रोजेक्ट से जुड़े सवाल और शंकाएं उठाने के कारण कुछ लोगों को ग्रुप से बाहर किया गया और उनके साथ अपमानजनक व्यवहार भी हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका विरोध पुनर्विकास से नहीं, बल्कि कथित भेदभाव और गलत व्यवहार से है। बैठक में यह मांग भी उठाई गई कि जहां मंदिर है, वहां मंदिर, जहां मस्जिद है, वहां मस्जिद और जहां दुकानें तथा मकान हैं, वहां उनके पुनर्विकास की व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिल्डर JP Infra के मालिक विजय जैन, CEO अजय नायर, इंदिरा नगर प्रोजेक्ट मैनेजर मुकेश सिंह और मुख्य प्रवर्तक हुसैन करीम मोमिन सभी प्रभावित रहवासियों के साथ एक सामूहिक बैठक करें और हर सवाल का जवाब दें। रहवासियों की मांग है कि SRA पुनर्विकास जैसे बड़े प्रोजेक्ट में सभी रहिवासियों और संबंधित पक्षों को विश्वास में लेकर पारदर्शिता तथा आपसी सहमति के साथ आगे बढ़ा जाए। उनका मानना है कि सभी लोगों की शंकाओं का समाधान किए बिना परियोजना आगे बढ़ाने से भविष्य में विवाद बढ़ सकते हैं और पुनर्विकास का काम भी प्रभावित हो सकता है।
इस मामले में मेट्रो दिनांक के पत्रकार ने मुख्य प्रवर्तक हुसैन करीम मोमिन से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। समाचार प्रकाशित होने के बाद यदि मुख्य प्रवर्तक, बिल्डर JP Infra, FE Dinshaw Trust अथवा संबंधित पदाधिकारी अपना पक्ष रखना चाहते हैं, तो उनका बयान भी मेट्रो दिनांक में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
