Tuesday, August 25metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

पुलिस छापेमारी के दौरान बिल्डिंग से गिर कर दो सेक्स वर्कर की मौत

मुंबई के ग्रांट रोड इलाके में मौजूद एक बिल्डिंग में पुलिस की छापेमारी के दौरान दो महिलाओं की तीसरी मंजिल से गिर कर मौत हो गयी. वह कथित रूप से सेक्स वर्कर थीं और छापेमारी के दौरान पुलिस से बचने की कोशिश कर रही थी.

पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना डी बी मार्ग इलाके में मौजूद ओम बिल्डिंग में रात साढ़े दस बजे हुई. उन्होंने बताया कि उस वक्त डी बी मार्ग पुलिस थाने की एक टीम इलाके में गश्त कर रही थी. इस इलाके को वेश्यावृत्ति के लिए जाना जाता है.

अधिकारी ने बताया कि जैसे ही पुलिस टीम तलाशी के लिए पहुंची, ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद एक व्यक्ति ने अन्य लोगों को सावधान कर दिया जिससे ऊपर के फ्लोर्स में मौजूद सेक्स वर्करों में हड़कंप मच गया.

उन्होंने बताया कि दो महिलाओं ने तीसरी मंजिल की खिड़की से रस्सी के सहारे नीचे उतरने की कोशिश कर पुलिस से बचने का प्रयास किया. इस दौरान वह फिसल कर गिर गयी. पुलिस उन लोगों को अस्पताल ले गयी जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गयी. दोनों 50 साल और 30 साल की थी. दोनो ही पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी.

पुलिस ने इस संबंध में दुर्घटनावश हुई मौत का मामला दर्ज किया है.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *