Saturday, September 21metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

ब्वॉयफ्रेंड से ब्रेकअप के बाद बाइक ट्रेनर चेतना पंडित ने की आत्महत्या; कटरीना, अनुष्का और माधुरी को दी थी ट्रेनिंग

मुंबई. मोटरसाइकिल ट्रेनिंग कोच चेतना पंडित ने अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह गोरेगांव ईस्ट के पद्मावती नगर में किराए के फ्लैट में रहती थी। मरने से पहले चेतना ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। इसमें ब्वॉयफ्रेंड से ब्रेकअप को आत्महत्या की वजह बताया है। चेतना ने फिल्म ‘धूम’ के लिए कटरीना कैफ, ‘जब तक है जान’ के लिए अनुष्का शर्मा, ‘एक विलेन’ के लिए श्रद्धा कपूर के साथ ही माधुरी दीक्षित को भी बाइक राइडिंग सिखाई थी।

महिला दोस्त के साथ रहती थी:पुलिस ने बताया कि रॉयल इनफील्ड में रोड कप्तान 27 वर्षीय चेतना अपनी एक महिला फ्रेंड के साथ रहती थी। मंगलवार आधी रात उसकी फ्रेंड घर आई तो फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार रिंग करने पर भी दरवाजा नहीं खुला। चेतना का मोबाइल नंबर भी बंद था। इसके बाद उसने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। एक चाबी बनाने वाले की सहायता से डुप्लीकेट चाबी बनाकर दरवाजा खोला गया। अंदर गई तो कमरे में चेतना पंखे से लटक रही थी। मौके पर पहुंची पुलिस चेतना को पंखे से उतारकर हॉस्पिटल ले गई। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ज्यादातर समय मुंबई से बाहर रहती थी चेतना:उसकी फ्रेंड ने पुलिस को बताया कि वह चेतना के साथ पिछले चार महीने से रह रही थी। चेतना ज्यादातर समय मुंबई से बाहर ही राइड पर रहती थी। पुलिस इस मामले में चेतना के ब्वॉयफ्रेंड से भी पूछताछ करेगी। चेतना पंडित मूलतः कर्नाटक के शिमोगा की रहने वाली थी। कई सालों से मुंबई में रह रही थी। वह यहां मोटरसाइकिल राइडिंग कोच थी।

Spread the love