Monday, August 24metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

शिवसेना ने राम मंदिर के निर्माण के लिए कानून बनाने पर दिया जोर

मुंबई
शिवसेना ने अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण सुगम बनाने के लिए कानून बनाए जाने पर बुधवार को जोर दिया और कहा कि 2019 में लोकसभा चुनाव के बाद संसद की तस्वीर ‘अनिश्चित’ दिखती है। शिवसेना ने कहा कि यह कहना कि राम मंदिर का निर्माण आम सहमति से होगा, वैसा ही है जैसे पाकिस्तान यह कहे कि उसका कश्मीर से कोई लेना देना नहीं है और वह हिस्सा भारत का है।
शिवसेना ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राम मंदिर बनने तक भगवा पगड़ी नहीं पहननी चाहिए। एनडीए में शामिल शिवसेना की यह टिप्पणी उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के एक बयान के बाद आयी है। मौर्य ने कहा कि जब कोई विकल्प नहीं होगा तो कानूनी रास्ते अपनाया जाएगा। शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में एक संपादकीय में कहा कि पूर्व की सरकार सत्ता से बाहर हो गयी क्योंकि वह राम मंदिर मुद्दे पर आम सहमति नहीं बना सकी और न ही उच्चतम न्यायालय ने इस पर कोई फैसला दिया।
शिवसेना के मुखपत्र सामना में कहा गया है कि 2014 में लोकसभा चुनाव में बीजेपी को बहुमत मिला और उत्तर प्रदेश में उन्हें सर्वाधिक सीटें मिलीं। संपादकीय में कहा गया है कि शिवसेना सहित कई दल चाहते हैं कि राम मंदिर बने और इसलिए सरकार को कानून बनाने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। शिवसेना ने कहा, ‘बुधवार को संसद में आपके पास बहुमत है। 2019 में संसद की क्या तस्वीर होगी? यह अनिश्चित है।’

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *