सनराइजर्स ने सुपर किंग्स को हराकर दर्ज की चौथी जीत
हैदराबाद : सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने अपने घर में चेन्नै सुपर किंग्स (CSK)को हराकर उसका विजय रथ रोक दिया है। चेन्नै की टीम ने मेजबान के सामने 133 रनों का आसान सा लक्ष्य रखा था, जिसे उसने सिर्फ 4 विकेट गंवकर अपने नाम कर लिया। इस सीजन में अपना 8वां मैच खेल रही हैदराबाद की यह चौथी जीत है। सनराइजर्स के लिए दोनों ओपनर डेविड वॉर्नर (50) और जॉनी बेयरस्टो (61*) ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए। वॉर्नर को उनकी तेज-तर्रार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। 133 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स को वॉर्नर और बेयरस्टो ने उम्दा शुरुआत दी। भले ही डेविड वॉर्नर पावर प्ले के भीतर आउट हो गए, लेकिन 5.4 ओवर में जब वह आउट हुए थे, तब अपनी 25 बॉल की पारी में वह 50 रन बना चुके थे। वॉर्नर ने अपनी इस पारी में 10 चौके जमाए। इसकी बदौलत सनराइजर्स की टीम छोटे स्कोर का पीछा करते हुए मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी थी।









