Saturday, November 7metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

भारत में लड़ाकू विमान बनाना चाहती है अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन

वाशिंगटन, प्रेट्र। विमानन एवं रक्षा क्षेत्र की दिग्गज अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन ने ‘मेक इन इंडिया’ के तहत भारत में एफ-16 लड़ाकू जेट के निर्माण का प्रस्ताव पेश किया है। कंपनी के अधिकारियों ने कहा है कि इससे भारतीय उद्योग के पास दुनिया के सबसे बड़े लड़ाकू विमान इकोसिस्टम का हिस्सा बनने का विशेष अवसर मिलेगा।
लॉकहीड मार्टिन एयरोनॉटिक्स के रणनीति एवं कारोबार विकास शाखा के वाइस प्रेसिडेंट विवेक लाल ने कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय विमान निर्माण में हम दो नए शब्द ‘भारत’ और ‘विशेष’ जोड़ना चाहते हैं। भारत में लड़ाकू जेट का उत्पादन विशिष्ट होगा। किसी भी लड़ाकू विमान निर्माता की ओर से अभी तक इस तरह का प्रस्ताव नहीं किया गया है। यही नहीं भारत में बने लड़ाकू जेट के लिए निर्यात बाजार भी खासा बड़ा है।’
भारतीय मूल के अमेरिकी लाल ने पिछले वर्ष ट्रंप प्रशासन के मानव रहित ड्रोन बेचने के फैसले में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि भारत केंद्रित लड़ाकू विमान कार्यक्रम का आकार और इसकी संभावना व सफलता भारतीय उद्योग को फायदा उठाने का मौका देगा। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय उद्योग को विश्व के सबसे बड़े लड़ाकू विमान नेटवर्क से जुड़ने का मौका मिलेगा।
लाल ने कहा, ‘हम असेंबली लाइन से कहीं अधिक बनाने को इच्छुक हैं।’ उन्होंने दावा किया कि चौथी पीढ़ी का लड़ाकू विमान बनाने वाली कोई भी कंपनी लॉकहीड के युद्धक अनुभव तथा परिचालन दक्षता के आस-पास नहीं है। उन्होंने कहा, ‘भारत को जिस लड़ाकू विमान की पेशकश की जा रही है वह सर्वश्रेष्ठ लड़ाकू विमान है।’ उन्होंने कहा कि एफ-35 के तीनों संस्करण एक इंजन वाले हैं। भारत केंद्रित प्रस्तावित परियोजना में इस्तेमाल की जाने वाली अधिकांश प्रणालियां एफ-22 और एफ-35 से सीखी गई बातों पर आधारित होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *