Friday, May 15metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

बॉयफ्रेंड पर खर्च के लिए कॉलेज की 2 लड़कियों ने चुराए 38 मोबाइल फोन

मुंबई
कॉलेज में पढ़ाई करने वाली मुंबई की दो लड़कियों को हाल ही में लोकल ट्रेनों की महिला कम्पार्टमेंट्स में से मोबाइल चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि दोनों लड़कियां चुराए मोबाइल को बेचकर मिले पैसे को अपने बॉयफ्रेंड पर खर्च करती थीं, जिसके लिए दोनों ने कम से कम 38 मोबाइलों की चोरी की थी। दोनों लड़कियां एक ही लड़के को डेट कर रही थीं। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। रेलवे क्राइम ब्रांच के जांच अधिकारियों ने कहा, ‘ट्विंकल सोनी (20) और टीनल परमार (19) नाम की दोनों लड़कियां कथित तौर पर रिषी सिंह नामक शख्स को डेट कर रही थीं। वे मोबाइल चुरा-चुरा कर राहुल राजपुरोहित नामक शख्स को बेच देती थीं, जिसने सभी मोबाइल्स को तकरीबन 3 लाख से भी अधिक की कीमत पर खरीदा। इन तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।’
पश्चिमी रेलवे के डीसीपी पुरुषोत्तम कराड ने बताया, ‘बोरीवली से सांताक्रूज स्टेशनों के बीच मोबाइल चोरी की कई सारी शिकायतों के बाद एक टीम गठित कर दी गई। शुरुआती जांच में ही यह पता चल गया कि दोनों लड़कियां मोबाइल चुराती हैं। वे मोबाइल चुराने के बाद उसे बेच देतीं और फिर रकम को बॉयफ्रेंड पर खर्च करती थीं।’
योजना के तहत 30 मार्च को महिला पुलिसकर्मियों को कांदीवली स्टेशन पर तैनात कर दिया गया और दोपहर करीब एक बजे फोन चुराते वक्त ट्विंकल सोनी नामक लड़की को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी मदद से टीनल परमार और मोबाइल खरीदने वाले राहुल राजपुरोहित को भी अरेस्ट कर लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सोनी आर्किटेक्चर स्टूडेंट है तो वहीं टीनल फर्स्ट इयर की स्टूडेंट। दोनों के पास से 38 फोन और 30 मेमोरी कार्ड बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को 8 जून तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *