Friday, May 15metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

महाराष्ट्र प्लास्टिक बंदी: जानिए, पहले दिन कहां-कहां हुई कार्रवाई

मुंबई
शनिवार से महाराष्ट्र में प्लास्टिक पर बंदी लागू होने के बाद मुंबई-ठाणे से लेकर कल्याण और नासिक तक कार्रवाई की गई। जहां एक ओर जागरूकता के अभाव के कारण पहले दिन कई जगह भ्रम की स्थिति नजर आई, वहीं दूसरी ओर प्लास्टिक बैन के डर से कुछ दुकानदारों ने दुकानें बंद रखीं। इन सबके बीच पाबंदी का पालन नहीं करने वालों से हजारों किलोग्राम प्लास्टिक जब्त किया गया। वहीं, कुछ जगहों पर जुर्माना भी वसूला गया। प्लास्टिक बंदी के बाद जानिए पहले दिन की कार्रवाई का हाल: लोअर परेल के मॉल में 11 दुकानों पर ऐक्शन
मुंबई में पाबंदी के पहले दिन कई जगह जुर्माना वसूलने की बजाय जागरूकता पर जोर दिया गया। हालांकि, भिवंडी, अंबरनाथ, उल्हासनगर, ठाणे और मीरा-भयंदर समेत अन्य जगहों पर जरूर कुछ लोगों से जुर्माना वसूला गया। बीएमसी ने शनिवार को लोअर परेल के फीनिक्स मॉल की 11 दुकानों पर कार्रवाई की। इनमें से 10 से जुर्माना वसूला गया। मैकडॉनल्ड्स ने जुर्माना नहीं दिया। बीएमसी उसके खिलाफ केस दर्ज कराएगी।
फरसाण और वेफर बनाने वालों के अलावा किराना व्यापारियों में भारी नाराजगी दिखी। उन्होंने प्लास्टिक का विकल्प न होने के चलते धंधे पर भारी असर होने की बात कही। रूपम स्टोर के प्रमुख विरेन शाह ने बताया, ‘व्यापारियों में काफी भ्रम है। हमें अगले सप्ताह पैकेजिंग में प्लास्टिक के प्रयोग की छूट मिलने की उम्मीद है। छोटे व्यापारी उत्पादकों की ओर से आने वाला प्लास्टिक पैकेजिंग का माल बेच सकते हैं। हां, वह अपने यहां इसकी पैकेजिंग नहीं कर सकते हैं। प्लास्टिक उत्पादकों ने अपना बिजनस पूरी तरह से बंद कर दिया।’
शुरुआती कार्रवाई में प्लास्टिक बैग, थर्माकोल, चम्मच, प्लेट, ग्लास, स्ट्रॉ इत्यादि के प्रयोग पर कार्रवाई खासतौर पर स्टॉकिस्ट, मॉल, दुकान परिसर में की जाएगी। इस बीच सोमवार से पूरे मुंबई में बड़े पैमाने पर जोरदार कार्रवाई की तैयारी चल रही है। वहीं, प्लास्टिक बंदी के डर से शनिवार को मुंबई में बहुत सी दुकानें बंद रहीं।
टोल फ्री नंबर 1800222357 पर फोन कर प्लास्टिक ले जाने की अपील कर सकते हैं।
ठाणे में प्लास्टिक बंदी के पहले दिन सौ से अधिक दुकानदारों और फेरीवालों के खिलाफ कार्रवाई करके ढाई हजार किलो प्लास्टिक जब्त किया गया। इन लोगों से 95 हजार रुपये दंड की वसूली की गई। प्लास्टिक बंदी के पहले दिन शनिवार को ठाणे महानगरपालिकाकी तरफ से की गई कार्रवाई में ढाई हजार किलो प्लास्टिक और उससे बना सामान जब्त किया गया।
प्लास्टिक बंदी को देखते हुए आयुक्त जायसवाल ने सभी प्रभाग समिति के संबंधित अधिकारियों को प्लास्टिक और थर्माकॉल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया है। आदेश के चलते शनिवार को सभी सहायक आयुक्त और स्वच्छता निरीक्षक की तरफ से कार्रवाई की गई। इस क्रम में 100 से अधिक महानगरपालिका के पीआरओ उपायुक्त संदीप मालवी ने बताया कि उपलब्ध कराए गए वॉट्सऐप नंबर पर लोगों की तरफ से 75 शिकायतें मिलीं, जिन पर कार्रवाई की गई। मालवी के अनुसार दंड की वसूली बड़े दुकान वालों से की गई है और फेरीवालों व अन्य छोटे विक्रेताओं तथा आम लोगों के पास से प्लास्टिक जब्त कर लिया गया और उन्हें भविष्य में प्लास्टिक और थर्माकॉल का उपयोग न करने की हिदायत दी गई। महानगरपालिका की तरफ से सभी प्रभाग समिति कार्यालय में प्लास्टिक इकट्ठा किया जा रहा है।
प्लास्टिक बंदी के तहत उल्हासनगर महानगरपालिका ने साईं बाबा फुटवेअर सहित 21 दुकानों पर कार्रवाई करके 1 लाख 10 हजार रुपये बतौर जुर्माना वसूला। उल्हासनगर में एक दुकानदार से दो बार दंड वसूला गया। अंबरनाथ में कई दुकानों से 50 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया और 40 किलो प्लास्टिक भी जब्त किया गया है। वहीं, कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका क्षेत्र के बाजारपेठ में मयूर अप्लायंस और रिलेटिव कनेक्शन 2 दुकानदारों पर ऐक्शन लेते हुए महानगरपालिका ने एक-एक दुकानदार से 5 हजार का दंड लिया। पूरे दिन की कार्रवाई में महानगरपालिका ने कई दुकानों पर कार्रवाई की और पचास हजार रुपये वसूले। कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका ने 10 टीम तैयार की हैं। एक टीम में 10 कर्मचारी हैं, जो अपने काम को अंजाम देंगे।
महानगरपालिका आयुक्त संजीव जायसवाल ने लोगों से अपील की कि प्लास्टिक और उससे बने सामानों को जमा कराएं। जब्त और संकलित किए गए प्लास्टिक को महानगरपालिका के सूखा कचरा संकलन केंद्र में रिसाइकल कर उसे वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया जाएगा। ठाणे महानगरपालिका की तरफ से प्लास्टिक पर लगाई गई बंदी से जुड़ी जानकारी तथा प्लास्टिक से संबंधित उपयोग में आने वाले सामान और उनके विक्रेताओं की सूची को महानगरपालिका की वेबसाइट पर जारी किया गया है।
नासिक में 72 लोगों पर जुर्माना लगाया गया और उनसे 3.6 लाख रुपये वसूले गए। नासिक नगर निगम के मुताबिक निगम की विभिन्न टीमें शहर के छह नगर पालिका क्षेत्रों में गईं और 23 मार्च को महाराष्ट्र सरकार की ओर से जारी प्लास्टिक रोक अधिसूचना के तहत नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की। इस दौरान 350 किलोग्राम प्लास्टिक की चीजें जब्त की गईं।
गत 23 मार्च को राज्य सरकार ने एक बार इस्तेमाल करने वाली प्लास्टिक की थैलियों, चम्मच, प्लेट, पीईटी और पीईटीई बोतल जैसे प्लास्टिक और थर्माकॉल जैसी चीजों के उत्पादन, इस्तेमाल, बिक्री, वितरण और प्लास्टिक सामग्री के भंडारण पर रोक लगा दी थी। नागपुर नगर निगम स्क्वॉड ने शनिवार को दुकानों पर रेड मारी और प्लास्टिक बैग को जब्त किया।
प्लास्टिक का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने पर पहली बार पांच हजार रुपये का जुर्माना, दूसरी बार पकड़े जाने पर दस हजार रुपये और तीसरी बार पकड़े जाने पर 25 हजार रुपये का जुर्माना और तीन महीने की जेल की सजा होगी।
स्पेशल 249 की चप्पे-चप्पे पर नजर
बीएमसी ने अपने सभी 249 इंस्पेक्टरों को नीले रंग की जैकेट उपलब्ध कराई है। इसी को पहनकर वे जुर्माना वसूल सकते हैं। साथ ही, उनके पास अधिकृत पत्र भी है। जनता जुर्माना देने से पहले जरूर उसे देख ले। जिनके पास लेटर न हो, उन्हें जुर्माना न चुकाएं।
प्लास्टिक को बीएमसी के केंद्रों पर जमा करें। इसके साथ ही टोल फ्री नंबर 1800222357 पर फोन करके भी जमा प्लास्टिक ले जाने की अपील कर सकते हैं।
कई स्तरों पर जागरूकता के बावजूद लोगों में प्लास्टिक बंदी के तहत आने वाली सामग्री को लेकर पहले दिन भ्रम बरकरार रहा। लोग कचरा डिब्बे के लिए थैलियों और मोटी थैलियों के उपयोग को लेकर आपस में सवाल पूछते दिखे। जरूरी कागजों को प्लास्टिक में लेकर जा रहे मोहित शर्मा को जब किसी ने ट्रेन में टोका, तो उनका सवाल था कि क्या अच्छी गुणवत्ता का प्लास्टिक भी बंद है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *