Saturday, August 15metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

बंद के लिए कांग्रेस ने जुटाया समर्थन

मुंबई, पेट्रोल-डीजल के रोज बढ़ते भाव और महंगाई के खिलाफ सोमवार को होने वाले बंद की पूर्व संध्या पर कांग्रेस समेत 21 विपक्षी दलों द्वारा पुकारे गए भारत बंद के लिए जनसमर्थन जुटाने के लिए कांग्रेस ने मुंबई के अलग-हिस्सों में रैलियां निकालीं और जनता से बंद के लिए समर्थन मांगा। कांग्रेस के नेताओं का दावा है कि जनता में भाजपा सरकार के खिलाफ व्यापक गुस्सा है और लोगों ने बंद का साथ देने का वादा किया है। मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरुपम के नेतृत्व में गोरेगांव पश्चिम से अंधेरी पश्चिम तक दुकानदारों, बाजारों, होटलों और मॉल्स में जाकर कांग्रेस के नेताओं ने बंद के लिए समर्थन जुटाया। नेताओं ने जनता को बंद के बारे में जानकारी दी और उनसे अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की।
वहीं, कांग्रेस के नेता और पूर्व मंत्री नसीम खान के नेतृत्व में बाईक रैली निकाली गई। जरीमरी साकीनाका से शुरू हुई यह बाइक रैली काजूपाडा पाइपलाइन, 90 फुट रोड घाटकोपर, अंधेरी लिंक रोड होते हुए असलफा मेट्रो स्टेशन, असलफा पाइपलाइन, खैरानी रोड, नहार जंक्शन, साकीविहार रोड से हीरानंदानी गलेरीया पवई में समाप्त हुई।
नेताओं को बांटी जिम्मेदारी
कांग्रेस ने इस बंद को महाराष्ट्र में सफल बनाने के लिए अपने वरिष्ठ नेताओं को राज्य के अलग-अलग हिस्सों की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेशाध्यक्ष अशोक चव्हाण ने रविवार को संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह स्वयं और मुंबई में आंदोलन का नेतृत्व करेंगे और ठाणे में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष नसीम खान आंदोलन का नेतृत्व करेंगे। 2014 में अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब कच्चे तेल की कीमत करीब 110 डॉलर प्रति बैरल थी, तब मुंबई में पेट्रोल की कीमत 80 रुपये और डीजल की कीमत 64 रुपये प्रति लीटर थी। आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत करीब 80 डॉलर प्रति बैरल यानी 2014 की तुलना में 30 डॉलर कम है फिर भी आज मुंबई में पेट्रोल की कीमत 87.77 रुपये और डीजल की कीमत 76.96 रुपये है।
अशोक चव्हाण, प्रदेशाध्यक्ष कांग्रेस
चार साल पहले रसोई गैस का सिलिंडर 350 से 400 रुपये में मिलता था, उसके लिए अब 750 ते 800 रुपये वसूले जा रहे हैं। महंगाई दिन पर दिन बढ़ रही है। रेलवे टिकट महंगा हो गया है। रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। सब्जी-फल खरीदना भी मुश्किल हो रहा है। भाजपा सरकार के राज में बढ़ी महंगाई ने जनता का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *