Friday, September 18metrodinanktvnews@gmail.com, metrodinank@gmail.com

कोलाबा का मशहूर ‘ओलंपिया कॉफी हाउस’ बंद: फ्रिज में मिला मीट का खून और गंदगी, तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में लाइसेंस सस्पेंड!

मुंबई : मुंबई में बड़ी कार्रवाई: 108 साल पुराना ‘ओलंपिया कॉफी हाउस’ सील, किचन की बदहाली देख उड़ गए होश!
मुंबई के मशहूर 108 साल पुराने ओलंपिया कॉफी हाउस का फूड लाइसेंस महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने सस्पेंड कर दिया है। 16 सितंबर को ग्राहक की शिकायत के बाद FDA की टीम ने ओलंपिया कॉफी हाउस का निरीक्षण किया। कोलाबा स्थित रेस्टोरेंट की जांच में सफाई और खाने के रखरखाव से जुड़ी कई गंभीर कमियां मिलीं। FDA के मुताबिक, फूड स्टोरेज एरिया और किचन में यूरिनल मिला। यहां कॉकरोच और मक्खियां भी पाई गईं। फ्रिज में मांस का खून मिला। कच्चे वेज और नॉनवेज खाने को अलग रखने की उचित व्यवस्था भी नहीं थी।
जांच में खाना फर्श पर रखना, गंदे पानी का इस्तेमाल और अस्वच्छ तरीके से खाना बनाने जैसी कमियां मिलीं। बर्तन धोने की जगह गंदी थी और खाना काटने वाले लकड़ी के चॉपिंग बोर्ड भी खराब हालत में थे। कर्मचारियों के लिए जरूरी सुरक्षात्मक कपड़े भी नहीं मिले। FDA के मुताबिक, रेस्टोरेंट में 35 फूड हैंडलर काम करते हैं। इनमें 34 ने जरूरी फूड सेफ्टी ट्रेनिंग नहीं ली थी। जांच में पानी की अनिवार्य रिपोर्ट और सैनिटेशन रिकॉर्ड भी नहीं मिले।
इन कमियों के चलते FDA ने फूड लाइसेंस तत्काल सस्पेंड कर दिया। लाइसेंस बहाल होने तक रेस्टोरेंट खाना खरीद, बना, स्टोर, बेच या बांट नहीं सकता। कमियां दूर करने और FDA की दोबारा जांच के बाद ही आगे फैसला होगा।
क्रिस्टोफर नोलन-टॉम हॉलैंड पहुंचे थे
1918 में शुरू हुआ ओलंपिया कॉफी हाउस मुंबई के पुराने चर्चित कैफे में शामिल है। इस साल जुलाई में हॉलीवुड अभिनेता टॉम हॉलैंड और मैट डेमन के साथ फिल्ममेकर क्रिस्टोफर नोलन भी यहां पहुंचे थे।
नायर अस्पताल की कैंटीन पर भी कार्रवाई
महाराष्ट्र FDA ने मुंबई के मिलन पंजाब, सद्गुरु स्वीट्स, विश्वास स्वीट्स एंड स्नैक्स, ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड और ए-1 जनरल एंड ड्राय फ्रूट्स समेत कई प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड या रद्द किए हैं। पुणे के 4 और नागपुर के 2 रेस्टोरेंट पर भी कार्रवाई हुई है। FDA ने मुंबई सेंट्रल स्थित नायर अस्पताल की कैंटीन का लाइसेंस भी तत्काल सस्पेंड किया है। जांच में फूड सेफ्टी और हाइजीन नियमों का उल्लंघन मिला। FDA के अनुसार, मरीजों और आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। कैंटीन के खिलाफ आगे कानूनी कार्रवाई जारी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *