श्रद्धालुओं के साथ सूर्यदेव को दिया अर्घ्य
मुंबई। छठ महापर्व के पावन अवसर पर चांदिवली विधानसभा क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। शिवसेना की ओर से प्रभाग क्रमांक 162 में छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष रूप से कृत्रिम तालाबों की व्यवस्था की गई। आमदार दिलीप (मामा) लांडे के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष व्यवस्था के तहत काजूपाड़ा, कुर्ला पश्चिम स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज मैदान और एल.बी.एस. मार्ग, कमानी स्थित शीतल सिनेमा मैदान में छठ माता के पूजन एवं सूर्यदेव को अर्घ्य देने के लिए कृत्रिम तालाब बनाए गए।
रविवार, 15 नवंबर को शाम से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर रंगारंग भोजपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। आमदार दिलीप (मामा) लांडे ने केवल आयोजन स्थल पर ही नहीं, बल्कि क्षेत्र में आयोजित विभिन्न छठ पूजा कार्यक्रमों में भी पहुंचकर श्रद्धालुओं के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। उन्होंने शाम के समय डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान कई पूजा आयोजनों में शिरकत की और स्थानीय रहिवासियों एवं छठ व्रतियों से मुलाकात कर उन्हें छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद सोमवार की सुबह प्रातःकाल सूर्योदय के समय भी वे विभिन्न छठ पूजा स्थलों पर पहुंचे और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने वाले श्रद्धालुओं के बीच उपस्थित रहकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय रहिवासियों के साथ छठी मैया का आशीर्वाद लिया और सभी के स्वस्थ, सुखी एवं समृद्ध जीवन की कामना की।
आयोजन को सफल बनाने में महिला विभागप्रमुख सौ. चंद्रप्रभा मोरे, विधानसभा प्रमुख अशोक माटेकर, महिला विधानसभा प्रमुख सौ. पूजा गावडे, उपविभागप्रमुख राजेंद्र पाटील, पूर्व नगरसेवक वाजीद कुरेशी, युवासेना महाराष्ट्र राज्य कार्यकारिणी सदस्य प्रयाग दिलीप लांडे, उपविभाग समन्वयक सलीम शेख, शाखाप्रमुख शैलेश निंबाळकर, महिला उपविभागप्रमुख सौ. श्वेता मसुरकर और महिला शाखाप्रमुख सौ. सीमा कांबले सहित शिवसेना के अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
इस आयोजन के संयोजक उत्तर भारतीय संघ, चांदिवली रहे, जिसमें संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामप्रसिद्ध दुबे और महिला तालुका अध्यक्ष सौ. सरिता मिश्रा, उर्मिला गिरी, दयाशंकर गिरी, श्वेता गिरी, शिवनारायण गिरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कृत्रिम तालाबों की व्यवस्था से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए सुविधा मिली और पूरे क्षेत्र में छठ महापर्व पारंपरिक आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता के साथ मनाया गया।
